पंजाब के 40 गांव के लोग मुश्किल में!

Front hulchul news : पंजाब सरकार के विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच हाजीपुर से मानसर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बदहाल की स्थिति में है। इससे 40 गांवों के लोग परेशान हैं। करीब 20 किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्तमान में गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि पंजाब सरकार का लोक निर्माण विभाग जनता की इस पीड़ा को देखकर भी मौन साधे बैठा है। यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए पठानकोट जाने का सबसे सीधा और मुख्य रास्ता है। इस सड़क पर लगभग 40 गांवों की निर्भरता है। सड़क की खस्ता हालत के कारण लोग अब इस रास्ते पर जाने से कतराने लगे हैं। पठानकोट पहुंचने के लिए लोगों को विवश होकर 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।गांव चनौर के वरिष्ठ समाज सेवक एवं पंचायत सदस्य कुलजीत सिंह सैणी, सरबजीत सिंह, राकेश कुमार, प्रशोत्तम सिंह, बख्शीश सिंह, कपिल, सुखविंदर सिंह तथा शम्भू ने संयुक्त रूप से रोष प्रकट करते हुए कहा कि हाजीपुर से मानसर तक की यह सड़क अब केवल कागजों में ही सड़क रह गई है। पूरी सड़क 2-2 फुट गहरे गड्ढों से भरी पड़ी है। इस मार्ग पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी दूभर है। ऐसा लगता है कि सरकार किसी बड़ी अनहोनी या भीषण दुर्घटना का इंतजार कर रही है।