Front hulchul news : शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने जीरा विधानसभा क्षेत्र में पंजाब बचाओ रैली को संबोधित करते हुए मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। इस रैली में मजीठिया ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रेस की आज़ादी पर गंभीर सवाल उठाए।
सरकार को बताया ‘तानाशाही’
मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तुलना सद्दाम हुसैन और गद्दाफी जैसे तानाशाहों से की और कहा कि पंजाब डेमोक्रेटिक राज्य होने के बजाय ‘पुलिस स्टेट’ बन गया है। उन्होंने कहा कि ‘रंगला पंजाब’ का जो सपना दिखाया गया था, वह आज ‘खूनी पंजाब’ में बदल गया है, जहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।
प्रेस की आजादी पर हमले का दावा
मजीठिया ने आरोप लगाया कि अगर कोई पत्रकार या यूट्यूब चैनल सरकार की पोल खोलता है, तो उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल में डाल दिया जाता है। प्रेस की आजादी पर इमरजेंसी है। ‘पंजाब केसरी’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मीडिया पर दबाव बना रही है। बिक्रम सिंह मजीठिया ने अरविंद केजरीवाल को साढ़े 4 फीट का बताया और कहा कि पंजाब केसरी वालों ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खबरें शुरू की थीं, तो अब सरकार पंजाब केसरी वालों से पंगा ले रही है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा और कहा कि दिल्ली से बैठे लोग पंजाब के खजाने को कंट्रोल कर रहे हैं।
