पंजाब में इस दिन फिर भूख हड़ताल पर जाएंगे PRTC कर्मचारी

Front hulchul news : PRTC के कच्चे कर्मचारी एक बार फिर अपने साथियों की रिहाई के लिए संघर्ष करने को मजबूर हो गए हैं। आज कर्मचारियों ने पंजाब भर के डिपो में दो घंटे तक गेट रैली की, काम बंद रखा और सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इसके साथ ही कर्मचारियों ने ऐलान किया कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो 9 मार्च से PRTC के कच्चे कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि करीब तीन महीने पहले किलोमीटर स्कीम के तहत चलाई जा रही बसों का विरोध करते हुए PRTC के कच्चे कर्मचारियों के नेताओं को पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में ले लिया था। इस कार्रवाई के बाद कर्मचारियों में काफी गुस्सा था। उस समय सरकार ने भरोसा दिया था कि गिरफ्तार नेताओं को जल्द रिहा किया जाएगा और उनके खिलाफ दर्ज केस भी रद्द किए जाएंगे।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद न तो उनके नेताओं को रिहा किया गया है और न ही ड्यूटी से निकाले गए कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखा गया है। इस वजह से कर्मचारियों को फिर से संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रति सरकार का रवैया अड़ियल रहा है। कई मीटिंग में आश्वासन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही मांगें नहीं मानी गईं तो PRTC कर्मचारी नेता 9 मार्च से भूख हड़ताल पर बैठेंगे, ताकि सरकार तक उनकी आवाज पहुंच सके।