NCB-BSF की संयुक्त कार्रवाई

Front hulchul news : भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित राजोके गांव में देर रात केंद्रीय एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और Border Security Force (बीएसएफ) की संयुक्त टीम ने एक घर में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हाल ही में 18 किलो हेरोइन बरामदगी मामले से जुड़ी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कुछ दिन पहले Kalsian Kalan Village से 18 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए गए मौजूदा सरपंच परमजीत सिंह से जुड़े मामले में की गई है। इसी कड़ी में एनसीबी और बीएसएफ की टीम ने सब-डिवीजन भिखीविंड के अधीन आने वाले गांव राजोके में गुरदेव सिंह नामक व्यक्ति के घर छापा मारा। करीब दो दर्जन अधिकारियों की विशेष टीम ने घर में सर्च ऑपरेशन चलाया और मोबाइल फोन सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। छापेमारी के दौरान गुरदेव सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को तेज करते हुए केंद्रीय एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अमृतसर में अपना कार्यालय खोलकर जांच को और सख्त कर दिया है। एजेंसी अब इस मामले से जुड़े लोगों के घरों पर लगातार दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि सरपंच परमजीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिला तरनतारन से जुड़े कुछ अन्य नेताओं के नाम भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। पुख्ता सबूत मिलने के बाद उनके खिलाफ भी कभी भी कार्रवाई की जा सकती है।