Front hulchul news ; जालंधर के व्यस्त बीएसएफ चौक पर आज (वीरवार) को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब नाकाबंदी के दौरान एक बिजली विभाग के कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। बिजली कर्मचारी का आरोप है कि वह ड्यूटी पर जा रहा था, तभी चौक पर तैनात पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। उसके मुताबिक, कागजात चेक करने के नाम पर एक पुलिसकर्मी ने उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और उसके साथ बदसलूकी की गई। यही नहीं इस दौरान बिजली कर्मी ने आरोप लगाया कि, पुलिस बूथ पर बैठे कर्मियों ने उसे गालियां भी निकाली है। वहीं जब बिजली कर्मचारी ने आपत्ति जताई और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। इस दौरान वीडियो बनाते समय बिजली कर्मचारी ने पुलिस कर्मियों से चाबी वापस मांगी तो वह टाल मटोल शुरू कर दिया।
आरोप है कि वीडियो बनाए जाने से कुछ पुलिसकर्मी नाराज हो गए और फोन छीनने की कोशिश की, जिससे माहौल और गरमा गया। कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच बहस चलती रही। स्थिति को संभालने के लिए बाद में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उनके हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा बनी हुई है, हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
