Front hulchul news : एक तरफ खेतीबाड़ी विभाग द्वारा किसानों को सुधरे बीज, कीटनाशक तथा नदीन नाशक दवाईयों की बढ़िया सप्लाई यकीनी बनाने के बड़े दावे किए जाते हैं परन्तु जमीनी हकीकत यह है कि अभी भी बिना लाइसैंस तथा रिकॉर्ड को बराबर न रखने वाले कुछ डीलर कथित तौर पर सरेआम बीज बेच रहे हैं, जिस कारण किसानों का बड़ा नुकसान होने का खतरा है।
मोगा शहर के रेलवे रोड स्थित मैसर्ज मालेरकोटला सीड स्टोर का मालिक बिना लाइसैंस किसानों को बीज सप्लाई करता हुआ दुविधा में फंसा है क्योंकि इस मामले पर खेतीबाड़ी विकास ऑफिसर डा. यशप्रीत कौर के बयानों पर मोहम्मद रशीद पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी मालेरकोटला के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पता लगा है कि 18 मई को खेतीबाड़ी विभाग के सहायक खेतीबाड़ी ऑफिसर डा. जसवीर कौर की अगुवाई वाली टीम द्वारा उक्त दुकान पर छापेमारी की गई थी।जिस दौरान सूत्र बताते हैं कि उक्त डीलर की छापेमारी टीम के साथ कथित तौर पर कहासुनी हो गई, जिस उपरांत टीम ने अपनी कार्रवाई की। सूत्र यह भी कहते हैं कि 18 मई इस डीलर पर की गई छापेमारी के बाद खेतीबाड़ी विभाग के मोगा स्थित ऑफिसर कथित सरकारी शह पर इस मामले को 3 दिन रफा-दफा करने में लगे रहे, जिस कारण कार्रवाई न हो सकी।
सूत्रों से मिली जानकारी में यह भी स्पष्ट हुआ है कि इस मामले में जिला खेतीबाड़ी प्रभारी द्वारा मामले की हरी झंडी न दिए जाने के बाद यह मामला खेतीबाड़ी मंत्री के दरबार पहुंच गया, जिस उपरांत गत शाम पुलिस द्वारा थाना सिटी साऊथ में डा. यशप्रीत कौर के बयानों पर मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पैक्टर कमलप्रीत सिंह ने कहा कि कथित आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है। उन्होंने कहा कि मामले की अगली जांच की जा रही है। खेतीबाड़ी विभाग द्वारा दुकान को सील कर दिया गया है।
