Front hulchul news : अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान की ओर से हो रही ड्रोन गतिविधियों, नशा तस्करी और हथियारों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के नेतृत्व में सीमावर्ती जिलों में नियमित रूप से रात के समय विशेष नाकाबंदी और तड़के सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे।
डीआईजी ने बताया कि जिन क्षेत्रों में ड्रोन ड्रॉपिंग और तस्करी से जुड़े मामलों की संख्या अधिक है, वहां रात में विशेष चेकिंग की जाएगी। सुबह के समय खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जाएगी। इसी अभियान के तहत डीआईजी ने शुक्रवार देर रात विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
अमृतसर देहात के घरींडा, लोपोके, अजनाला समेत अन्य संवेदनशील सीमा क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इन इलाकों में नए सीसीटीवी कैमरे, हाई-टेक निगरानी प्रणाली और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि ड्रोन गतिविधियों और संदिग्ध हलचल पर लगातार नजर रखी जा सके।
अभियान के दौरान हिस्ट्रीशीटरों, नशा तस्करी से जुड़े संदिग्धों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही मोटरसाइकिल, कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के दस्तावेजों की जांच भी होगी। बिना वैध दस्तावेज या चोरी के वाहन मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
