Front hulchul news : महानगर में पैसों के लेनदेन को लेकर खूनी रंजिश का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपने 15 लाख रुपये वापस मांगने गए एक फाइनेंस कारोबारी पर आरोपियों ने पहले पत्थरों से हमला किया और फिर पिस्टल/रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ 3 राउंड फायर कर दिए। दो गोलियां पीड़ित की टांगों में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता वरिंदरपाल सिंह ने बताया कि वह और उसका दोस्त फाइनेंस का कारोबार करते हैं। उसने आरोपी गुरजीत सिंह को 15,00,000 रुपये उधार दिए थे, जिन्हें गुरजीत काफी समय से वापस नहीं लौटा रहा था। बीती 27 जुलाई को पीड़ित अपने दोस्तों के साथ अपने पैसे वापस लेने के लिए फेज़-1 दुगरी स्थित आरोपी के पास गया था। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने अपने पैसे मांगे तो आरोपी गुरजीत सिंह, उसका साथी गगनदीप सिंह और दो अन्य अज्ञात युवक मौके पर आ पहुंचे। बहसबाजी के दौरान आरोपियों ने पीड़ित और उसके साथियों पर पत्थरों से हमला बोल दिया।इसके तुरंत बाद आरोपी गगनदीप सिंह ने हाथ में पकड़ी रिवॉल्वर से पीड़ित पर एक के बाद एक 3 फायर कर दिए।
इनमें से 2 गोलियां सीधे पीड़ित की टांगों में जा लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर जब पीड़ित और उसके दोस्तों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया, तो आरोपी मौके से जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। घायल कारोबारी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपी गुरजीत सिंह, गगनदीप सिंह और 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
