Front hulchul news : थाईलैंड में एक बार फिर स्कूल शूटिंग की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राजधानी बैंकॉक के उत्तर-पश्चिम में स्थित नोनथाबुरी प्रांत के एक प्रसिद्ध स्कूल में छात्र द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी से हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं और पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। थाईलैंड में बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित एक हाई स्कूल में आज एक छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में 3 शिक्षकों और 3 विद्यार्थियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
‘रॉयल थाई पुलिस’ के प्रवक्ता त्रैरोंग पिवपन ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना देश की राजधानी के उत्तर-पश्चिम में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के ‘देबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल’ में हुई। बाद में उन्होंने बताया कि हमलावर छात्र की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में 15 अन्य लोग घायल हुए हैं जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि बंदूक छात्र के परिवार के ही किसी सदस्य की थी। प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों की उचित देखभाल करने का निर्देश दिया है।
घटना के लगभग एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में लोग स्कूल के बाहर एक-दूसरे को सांत्वना देते दिखे जबकि पुलिस और बचाव दल स्कूल के अंदर स्थिति का जायजा ले रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने संवाददाताओं को बताया कि जब अन्य भवन से गोलियां चलने की आवाजें आईं तो छात्र एक कक्षा के अंदर छिप गए।
