2 क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क का भंडाफोड़

Front hulchul news : स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 अवैध पिस्तौल और 2 किलो 30 ग्राम हेरोइन बरामद की है। उक्त जानकारी पंजाब डी.जी.पी. गौरव यादव ने ट्वीट करके दी है।

विदेशी तस्करों से जुड़े मिले तार

डी.जी.पी. ने लिखा कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियारों के मामले में गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोप है कि वे सीमा पार से अवैध हथियार मंगवाकर उन्हें अमृतसर और तरनतारन के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब आरोपियों के विदेशी तस्करों से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

दो थानों में दर्ज हुई एफआईआर

इस मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद और थाना सुल्तानविंड में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा हथियार और नशे की खेप पंजाब तक किन माध्यमों से पहुंचाई जा रही थी।

फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच जारी

पुलिस आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स खंगाल रही है। साथ ही सीमा पार बैठे हैंडलर्स और स्थानीय स्तर पर उनके सहयोगियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरी सप्लाई चेन का भी खुलासा होने की संभावना है।