Front hulchul news ; जम्मू-कश्मीर के 3 जिलों में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। जानकारी के अनुसार उक्त कार्रवाई संदिग्ध लोगों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद की जा रही है।जानकारी देते अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, रियासी और कठुआ ज़िलों में संदिग्ध लोगों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किए। जानकारी के अनुसार जब उन्हें 2 संदिग्ध लोगों की गतिविधि के बारे में जानकारी मिली तो पुलिस ने CRPF के साथ मिलकर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कॉर्डन-एंड-सर्च ऑपरेशन) शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों ने कथित तौर पर सोमवार देर रात उधमपुर के तालोट गांव में प्रकाश चंद के घर का दरवाज़ा खटखटाया और खाना मांगा। उन्होंने बताया कि घर के लोगों ने कई मिनट तक दरवाज़ा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं दिया। जब शॉल पहने संदिग्ध लोग उस इलाके से खुबन की तरफ़ चले गए, तो चिंता होने पर लोगों ने सुरक्षाबलों को इसकी सूचना दी।अधिकारियों ने आगे बताया कि सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें गांव पहुंचीं और ऑपरेशन शुरू किया। इसके अलावा सुरक्षाबलों ने रियासी के सदिनी जंगलों और कठुआ के हीरानगर सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर के पास कई गांवों में भी सर्च ऑपरेशन चलाए।
