Front hulchul news : जिला मानसा के गांव नंगल कलां में सरपंची के चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते कबड्डी खिलाड़ी युवक अमनदीप सिंह उर्फ मंगू पंडित की तेजधार हथियारों और लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। थाना सदर मानसा पुलिस ने गांव के मौजूदा कांग्रेसी सरपंच रेशम सिंह उर्फ जिंदा समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार कबड्डी खिलाड़ी अमनदीप सिंह सोमवार सुबह मानसा शहर से अपने गांव नंगल कलां जा रहा था। इसी दौरान कारों में सवार होकर आए तेजधार हथियारों और लोहे की रॉड से लैस कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसकी बुरी तरह मारपीट की। गंभीर रूप से घायल अमनदीप को मानसा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने के कारण बाहर के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में अमनदीप ने बताया था कि सरपंची के चुनाव के दौरान कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी हुई थी और इसी रंजिश के कारण उस पर हमला किया गया। पुलिस ने रेशम सिंह उर्फ जिंदा, खुसू, बादल सिंह, कुलदीप सिंह निवासी भम्मे कलां, गगनी निवासी जवाहरके, सगनी निवासी गुरने तथा करीब पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के चाचा के बेटे कृष्ण शर्मा ने बताया कि अमनदीप अच्छा कबड्डी खिलाड़ी था और खेल खेलने के साथ-साथ मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह विवाहित था, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। परिवार ने कहा कि जब तक सभी कथित आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे अमनदीप का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
