Front hulchul news : नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साहनेवाल पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को काबू कर उसके कब्जे से 70 ग्राम हेरोइन बरामद की। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को सहायक उप-निरीक्षक (ASI) नवदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में अमन-शांति व अपराध की रोकथाम के मद्देनजर गश्त पर मौजूद थे। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम बिजली दफ्तर साहनेवाल से (नवा पिंड) रोड की तरफ पहुंची, तो वहां दाहिने हाथ स्थित एक कॉलोनी में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी ने घबराकर पीछे हटने का प्रयास किया, जिस पर मुस्तैद पुलिस मुलाजिमों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया।
एएसआई नवदीप सिंह ने नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब संदिग्ध हरजिंदर सिंह की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और माल को केस प्रॉपर्टी के तौर पर सील कर दिया। थाना साहनेवाल में आरोपी हरजिंदर सिंह के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वह यह हेरोइन कहां से खरीदकर लाया था और आगे किन नशा तस्करों या स्थानीय ग्राहकों को सप्लाई करने की फिराक में था।
