Front hulchul news : लंदन के पॉश इलाके हैमरस्मिथ में एक पंजाबी रेस्टोरेंट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार रंगरेज रेस्टोरेंट के मालिक व पाकिस्तानी मुस्लिमों में हलाल मीट को लेकर बवाल खड़ा हुआ है। मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। रेस्टोरेंट मालिक हरमन कपूर का आरोप है कि हलाल मीट बेचने से इनकार करने पर पाकिस्तानियों के 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने उनके रेस्टोरेंट पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वह पिछले 16 साल से अपना रेस्टोरेंट चला रहे हैं और शुरू से ही वहां हलाल मीट नहीं परोसा जाता।
बोर्ड लगाने के बाद भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को कपूर ने अपने रेस्टोरेंट के बाहर एक बोर्ड लगाया, जिसमें साफ लिखा था कि यहां हलाल मीट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां झटका मीट बेचा जाता है हलाल मीट नहीं। इसके बाद मामला तेजी से बिगड़ गया और बड़ी संख्या में लोग रेस्टोरेंट के बाहर जमा हो गए। कपूर ने सोशल मीडिया पर “नॉन-हलाल मीटअप” को लेकर पोस्ट किया, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने नारेबाजी की और कथित तौर पर तोड़फोड़ की कोशिश भी की गई।
रंगरेज रेस्टोरेंट के बाहर हंगामा होने के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक को ही हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना था कि उन्होंने आत्मरक्षा के दौरान कृपाण (गातरा) दिखाया, जो ब्रिटेन के कानून के अनुसार आपत्तिजनक माना जाता है। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। कपूर का कहना है कि उन्होंने किसी पर हमला नहीं किया, बल्कि अपने परिवार को बचाने के लिए ऐसा किया। उनका आरोप है कि उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस ने भी उनके साथ पक्षपात किया। इस घटना के बाद ब्रिटेन में बहस छिड़ गई है कि क्या किसी कारोबारी को अपने रेस्टोरेंट का मेन्यू तय करने का अधिकार नहीं है। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठा रहे हैं।
