गुंडागर्दी का नंगा नाच

Front hulchul news : दशमेश नगर इलाके में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक क्लीनिकल लैबोरेट्री के अंदर घुसकर न केवल मारपीट की, बल्कि दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की। हमलावरों ने दुकानदार के सिर पर ईंट मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने सुनील कुमार के बयानों के आधार पर एक ही परिवार के दस लोगों पर केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि गली नंबर 12, दशमेश नगर में उसकी ‘पाल क्लीनिक लैबोरेट्री’ के नाम से दुकान है। 1 अप्रैल की रात करीब 10:00 बजे जब वह अपनी लैब पर मौजूद था, तो उसका एक जानकार राजू अपनी जान बचाने के लिए भागता हुआ उसकी दुकान के अंदर आकर छिप गया। कुछ हमलावर उसका पीछा कर रहे थे।जैसे ही राजू अंदर छिपा, पीछे से आए दोषियों ने दुकान पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दुकानदार के माथे पर ईंट दे मारी। पीड़ित ने अपनी जान बचाने के लिए दुकान के केबिन के अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। वे जबरदस्ती केबिन के अंदर घुस आए और दुकानदार की बेरहमी से पिटाई की। जब पीड़ित ने शोर मचाया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।