पुलिस ने ग्रेनेड और IED सामग्री सहित 2 आरोपी किए गिरफ्तार

Front hulchul news : पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, संयुक्त ऑपरेशन के दौरान जिला अमृतसर देहाती पुलिस, जिला गुरदासपुर पुलिस और SSOC अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशी हैंडलर द्वारा संचालित ISI-प्रायोजित BKI आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उक्त जानकारी पंजाब डी.जी.पी. ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।

ये सब हुआ बरामद

पुलिस द्वारा की गई अहम बरामदगी में 5 हैंड ग्रेनेड, 2 विशेष डेटोनेटर, कोडर-डिकोडर से लैस PTT टाइमर, 9 वोल्ट बैटरी, करीब 1 किलोग्राम उच्च विस्फोटक सामग्री सहित IED से जुड़ा सामान, एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी, केबल और ट्रिगर मैकेनिज्म शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए बड़े और प्रभावशाली हमलों की साजिश रच रहे थे।

आतंकी गतिविधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

इस संबंध में थाना कलानौर, जिला गुरदासपुर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मॉड्यूल से जुड़े विदेशी हैंडलरों और स्थानीय नेटवर्क के लिंक की गहन जांच कर रही है। पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।