Front hulchul news, पत्रकार नरेंद्र कुमार फिल्लौर
”रास्ता और भी है” कहकर पत्रकार के अधिकारों का हनन कर रहे कब्जाधारी; बी.डी.पी.ओ. की चुप्पी पर उठे सवाल
ब्रह्मपुरी (जालंधर): गांव ब्रह्मपुरी में सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जे और गंदगी का मुद्दा अब गंभीर रूप धारण कर गया है। गांव की पंचायत द्वारा बार-बार रास्ता साफ करने की हिदायत देने के बावजूद, कब्जाधारी अपनी ट्रालियां हटाने को तैयार नहीं हैं। हैरानी की बात यह है कि ये लोग कानून को ठेंगा दिखाते हुए तर्क दे रहे हैं कि पीड़ित पत्रकार के लिए “और भी रास्ते हैं”, जबकि कानूनी तौर पर कोई भी व्यक्ति सरकारी गली के आधे हिस्से को वाहन खड़े करके नहीं रोक सकता।
पंचायत की सुनवाई नहीं, प्रशासन भी बेखबर
पीड़ित पत्रकार, जो पिछले 12-13 वर्षों से जालंधर छोड़कर यहां रह रहे हैं, ने बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत से संपर्क किया। पंचायत ने मौके पर जाकर कब्जाधारियों को रास्ता खाली करने के लिए भी कहा, पर उनकी एक न सुनी गई। कब्जाधारियों का अड़ियल रवैया इस हद तक है कि वे सरकारी गली को अपनी निजी जागीर समझ रहे हैं। दूसरी ओर, बी.डी.पी.ओ. कार्यालय को दी गई शिकायत पर 10 दिनों से कोई कार्रवाई न होना प्रशासनिक ढील को जग-जाहिर कर रहा है।
कानूनी पक्ष: गली रोकना है गैर-कानूनी
कानून के विशेषज्ञों और पंचायती नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति किसी भी सरकारी या सार्वजनिक रास्ते में अपने वाहन स्थायी रूप से खड़े करके आम लोगों की आवाजाही में बाधा नहीं डाल सकता। भले ही रास्ता चालू हो, लेकिन गली में ट्राली लगाकर आधा रास्ता रोकना सीधे तौर पर सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने के बराबर है।
गंदगी और बीमारियों का आलम
सिर्फ रास्ता ही नहीं, बल्कि लोगों के निजी खाली प्लॉटों में गोबर-कूड़ा फेंककर इलाके का “सत्यानाश” कर दिया गया है। शहर से आकर बसे लोगों द्वारा बनाए गए अच्छे घरों के आसपास पशुओं का मल-मूत्र फेंककर माहौल गंदा किया जा रहा है, जो कि मानवाधिकारों का भी उल्लंघन है।
सरकार से सीधी अपील
इलाका निवासियों और पीड़ित पत्रकार ने पंजाब सरकार और जालंधर प्रशासन से मांग की है कि:
तुरंत कार्रवाई: बी.डी.पी.ओ. कार्यालय तुरंत हरकत में आए और सरकारी रास्ते से ट्रालियां हटवाई जाएं।
जुर्माना: गैर-कानूनी ढंग से गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।
गांव ब्रह्मपुरी में कानून की धज्जियां उड़ा रहे दबंग: पंचायत के कहने के बावजूद नहीं हटाई जा रही रास्ते से ट्रालियां
