Front hulchul news : बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. खुर्जा नगर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपी रिंकू सैनी और भारत सैनी को घायल अवस्था में दबोच लिया.पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उन्हें वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटनास्थल के डीवीआर की बरामदगी के लिए खुर्जा के मुंडाखेड़ा नहर के पास ले जाया गया. इसी बीच दोनों आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की.
आरोपियों ने बरामद अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रिंकू सैनी और भारत सैनी के पैर में गोली लग गई. दोनों को घायल हालत में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटनास्थल का डीवीआर, एक अवैध पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है. दरअसल, 25 और 26 अप्रैल की रात खुर्जा में एक बर्थडे पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी.
