फिल्लौर में बेखौफ चोर: आस्था के केंद्र में सेंधमारी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Front hulchul news, Reporter Narinder Kumar Phillaur : पंजाब के फिल्लौर में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक चोर ने आस्था के प्रतीक ‘श्री गुरु रविदास भवन’ को अपना निशाना बनाया। मामला गोपाल कॉलोनी, गांव नंगल का है, जहां एक चोर ने न केवल चोरी की बल्कि पवित्र मर्यादा का भी मजाक उड़ाया। पुलिस की सुस्ती से नाराज संगत ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट।

सीसीटीवी में कैद ये तस्वीरें किसी शातिर अपराधी की नहीं, बल्कि एक ऐसे चोर की हैं जिसे न कानून का डर है और न ही ईश्वर का। रात के करीब 12 बजे फिल्लौर की गोपाल कॉलोनी में स्थित श्री गुरु रविदास भवन के बाहर एक युवक मोटरसाइकिल पर आता है। पहले वह हाथ-मुंह धोता है, पूरी श्रद्धा से माथा टेकता है और फिर रोशनदान के रास्ते अंदर दाखिल हो जाता है। करीब एक घंटे तक अंदर छानबीन करने के बाद, वह वहां लगा कीमती साउंड सिस्टम चोरी कर लेता है।

लेकिन कहते हैं कि ईश्वर के घर में देर है अंधेर नहीं। चोरी का सामान लेकर जब चोर उसी मोटरसाइकिल से भागने लगा जिससे वह आया था, तो मोटरसाइकिल स्टार्ट ही नहीं हुई। संगत इसे गुरु महाराज का चमत्कार मान रही है। चोर को मजबूरी में मोटरसाइकिल वहीं छोड़ कर पैदल ही भागना पड़ा। सुबह जब ग्रंथी सिंह मंदिर पहुंचे, तो बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया।

“करीब सवा दो साल पहले भी यहां चोरी हुई थी, जिसका आज तक सुराग नहीं लगा। अब हमारी पुलिस को सीधी चेतावनी है—अगर शनिवार सुबह 10 बजे तक चोर को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पूरी संगत और लोक इंसाफ मंच के साथ मिलकर हम फिल्लौर पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे।”

फिलहाल 112 नंबर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन मीडिया के सवालों पर पुलिस ने चुप्पी साधी हुई है। अब देखना यह होगा कि क्या शनिवार तक पुलिस इस चोर को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है या फिर संगत को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।