जालंधर धमाके में CCTV से बड़ा खुलासा

Front hulchul news : जालंधर में पांच मई की रात करीब 8 बजे बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर हुआ धमाका अब एक बड़े आतंकी षड्यंत्र के रूप में सामने आ रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि सफेद टीशर्ट पहने आतंकी ने इस वारदात को अंजाम दिया और विस्फोट के बाद वहां से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि विस्फोटक स्थल से मात्र 10 कदम की दूरी पर पंजाब पुलिस का नाका लगा हुआ था, फिर भी हमलावर बड़े आराम से निकल गया। पुलिस को संदेह है कि इस वारदात को दो युवकों ने मिलकर अंजाम दिया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, हमलावरों ने हाई-सिक्योरिटी जोन के बाहर लोकेशन को सॉफ्ट टारगेट के तौर पर चुना, ताकि शक भी कम हो और सुरक्षा प्रतिष्ठान को संदेश भी दिया जा सके। इस हमले की सबसे अहम कड़ी डिलीवरी सिस्टम का इस्तेमाल है।

एक डिलीवरी एजेंट अपनी रोजमर्रा की ड्यूटी के तहत बीएसएफ मुख्यालय पार्सल देने पहुंचा था। सुरक्षा नियमों के चलते उसे स्कूटी बाहर खड़ी करनी पड़ी। यह डिलीवरी बॉय जांच में साफ निकला है।

पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो सामने आया कि बीएसएफ के पास स्थित शराब के ठेके से कुछ कदम की दूरी पर सफेद टीशर्ट पहने युवक गायब हो गया। वह पहले हाथ में लिफाफा लेकर आता है और स्कूटी के पास रखकर तेजी से पैदल निकल जाता है। जांच में यह भी सामने आया है कि आईईडी विस्फोट के लिए रिमोट का इस्तेमाल किया गया है। यह सटीक टाइमिंग बताती है कि हमलावर ने पहले से रेकी की थी।

जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। बीएसएफ हेडक्वार्टर के निकट एक होटल में युवक ठहरा था, जो विस्फोट के बाद से गायब है। होटल के सीसीटीवी से पुलिस को कई अहम इनपुट मिले हैं।

संदिग्ध का मोबाइल नंबर भी होटल से मिल गया है। हालांकि उसका मोबाइल बंद आ रहा है, लेकिन पुलिस ने उसका ब्यौरा निकलवा लिया है। संदिग्ध ने होटल में कमरा किराए पर लिया था और अपनी आईडी भी दी थी। यह आईडी पंजाब के बाहर की है।सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (सीएफएसएल) की जांच में पुष्टि हुई है कि धमाका इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से किया गया था। विस्फोटक पदार्थ स्कूटी के पास रखा गया था। विस्फोट के बाद स्कूटी ने आग पकड़ ली। एजेंसियों के अनुसार, यह कोई साधारण विस्फोट नहीं था, बल्कि कम समय में ज्यादा नुकसान पहुंचाने के लिए तैयार किया गया हाई-इम्पैक्ट डिवाइस था। इससे संकेत मिलता है कि इसमें प्रशिक्षित मॉड्यूल का हाथ हो सकता है।