ज्वेलर्स की दुकान में घुसा कैंटर ट्रक

Front hulchul news : पुराना शाला बाजार में बने विवादित और बेतरतीब डिवाइडर के कारण एक और बड़ा सड़क हादसा हो गया। बुधवार तड़के करीब 3 बजे मुकेरियां मार्ग से गुरदासपुर की ओर आ रहा एक कैंटर ट्रक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गया और सामने स्थित वर्मा ज्वेलर्स की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान की इमारत को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जोरदार था कि दुकान के पिल्लर तक हिल गए और बरामदे में दरारें पड़ गईं। गनीमत रही कि ट्रक चालक की जान बच गई और कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे के शिकार ट्रक चालक ने बताया कि वह मुकेरियां की ओर से गुरदासपुर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन की तेज रोशनी के कारण उसे सड़क के बीच बना डिवाइडर दिखाई नहीं दिया। नतीजतन ट्रक डिवाइडर से टकरा गया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सीधे वर्मा ज्वेलर्स की दुकान में जा घुसा।मौके पर पहुंचे पगड़ी संभाल जट्टा लहर के नेता सरबजीत सिंह लालिया और दुकानदार नेता शिवपाल सिंह ने कहा कि इस खतरनाक डिवाइडर के कारण पहले भी दर्जनों हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले इसी मुद्दे को लेकर बाजार में धरना भी दिया गया था, जिस दौरान प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

नेताओं का आरोप है कि डिवाइडर के दोनों ओर बनाई गई ऊंची कंक्रीट बाधाएं वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। लगातार हादसे होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। स्थानीय लोगों ने भी विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते डिवाइडर की संरचना में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा और जानी नुकसान हो सकता है।