Front hulchul news : ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दी गई है। छह जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।बरसी से दो दिन पहले अमृतसर पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूरे शहर में करीब 2500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों की कंपनियां भी सुरक्षा प्रबंधों में सहयोग कर रही हैं। शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर तकरीबन 70 के करीब विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।
