200 से अधिक वाहन पकड़े, सात करोड़ का माल जब्त

Front hulchul news : कराधान विभाग ने आयरन एवं स्टील क्षेत्र में कर चोरी के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाते हुए 200 से अधिक वाहनों को हिरासत में लिया है। करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त किया है जबकि 3.50 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। अभियान की जानकारी साझा करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि कराधान विभाग की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंटिव यूनिट (सीपू ) ने शुक्रवार को एक सुनियोजित और बड़े स्तर की प्रवर्तन कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।  यह अभियान पंजाब के प्रमुख आयरन एवं स्टील औद्योगिक क्षेत्र मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना व आसपास के इलाकों में चलाया गया था। इस दौरान आयरन स्क्रैप और तैयार स्टील उत्पादों की ढुलाई कर रहे 200 से अधिक वाहनों को गहन जांच के लिए रोका गया। जब्त किए गए माल की कुल मात्रा 2400 मीट्रिक टन से अधिक आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कई खेपें या तो बिना वैध चालान और ई-वे बिल के परिवहन की जा रही थीं। उनके साथ प्रस्तुत दस्तावेज अत्यधिक संदिग्ध पाए गए हैं।वित्त मंत्री ने बताया कि विभाग फर्जी बिलिंग के पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रहा है और राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा राज्य के राजस्व हितों की रक्षा के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।