स्वर्ण मंदिर परिसर में बेअदबी की कोशिश

Front hulchul news : अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब परिसर में स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में एक युवक की ओर से बेअदबी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के दौरान मौजूद सेवादारों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को काबू कर लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, करीब 35 वर्षीय युवक ने गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश करने के बाद परिक्रमा की और उस स्थान पर पहुंच गया जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ चल रहा था। इसी दौरान उसने पावन स्वरूप के सामने रखी तलवार उठा ली। सेवादारों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है तथा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि युवक की पहचान और उसके पीछे की पृष्ठभूमि का पता लगाने के लिए प्रशासन जांच कर रहा है।प्रारंभिक पूछताछ के दौरान युवक ने अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उसने दावा किया कि वह अपनी मर्जी से अमृतसर आया था और घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं था। युवक ने यह भी कहा कि वह अकेले ही यहां पहुंचा था।

मामले की गहन जांच की मांग

एसजीपीसी अध्यक्ष ने कहा कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक की मंशा क्या थी, उसके पीछे कोई व्यक्ति या संगठन था या नहीं तथा वह यहां किस उद्देश्य से आया था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। धामी ने बताया कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभी तक युवक के साथ किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसकी पहचान, पृष्ठभूमि तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।