Front hulchul news : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने विदेश में बैठे हैंडलर के इशारे पर रंगदारी, फायरिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरदेव सिंह उर्फ गुरदेव, जशनप्रीत सिंह उर्फ जस्सू और हरपरसदीप सिंह उर्फ परस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से .30 बोर की जिगाना पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस, एक थार गाड़ी, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 21-22 मई की रात लोहारका रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर करीब 25 हजार रुपये की लूट की गई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे यूरोप में बैठे जजबीर सिंह उर्फ करण के निर्देश पर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।पुलिस का दावा है कि आरोपी अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर में हुई सात फायरिंग और लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जशनप्रीत सिंह, जजबीर सिंह का ममेरा भाई है और सीधे उसके संपर्क में रहकर गिरोह की गतिविधियों का संचालन करता था। पुलिस ने एक अन्य आरोपी महीप सिंह को नामजद किया है, जिसकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
