Front hulchul news : जालंधर के फोल्डीवाल इलाके में एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लगने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी तेज थी कि स्थानीय लोगों की कोशिशों के बावजूद ड्राइवर को बचाया नहीं जा सका और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी के अंदर शीशे के पास रखा डियोड्रेंट/स्प्रे फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकराकर पानी से भरे धान के खेत में जा गिरी। इसके बाद उसने आग पकड़ ली।
पुलिस के अनुसार आग लगते ही स्कॉर्पियो के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे चालक बाहर नहीं निकल सका और अंदर ही फंस गया। जब आग बुझाई गई तो वाहन के अंदर से चालक का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब है कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह जल गई। वाहन की नंबर प्लेट भी क्षतिग्रस्त मिली, हालांकि जांच में गाड़ी का नंबर PB-09-R-3688 सामने आया, जो कपूरथला में गुरप्रीत सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस अब वाहन मालिक के जरिए मृतक की पहचान और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।फोल्डीवाल चौकी इंचार्ज एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
