आधुनिक हथियार व Heroin सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

Front hulchul news : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए सीमा पार संचालित अवैध हथियार, नशा तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक अफगान नागरिक और एक नाबालिग भी शामिल है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अत्याधुनिक हथियार, जिनमें 2 सब-मशीन गन शामिल हैं, 5.048 किलोग्राम हेरोइन तथा 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से सांझा की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। आरोपियों को विदेश से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त होती थी, जिसे वे आगे विभिन्न आपराधिक गिरोहों और अपराधियों तक पहुंचाते थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न स्थानों पर आर्थिक लेन-देन के लिए हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करता था। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के तार विदेशों से जुड़े हुए हैं और इसकी जड़ें काफी गहरी हैं। इस संबंध में थाना इस्लामाबाद, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और अतिरिक्त बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।