Front hulchul news : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह के दौरान दिए जाने वाले पंजाब सरकार प्रमाण पत्र-2026 के लिए राज्य सरकार द्वारा सिफारिशें मांगी गई है।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि इन प्रमाण पत्रों से उन अधिकारियों/कर्मचारियों/व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने विशेष क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों और बहादुरी का प्रदर्शन किया हो।
उन्होंने बताया कि ये प्रमाण पत्र आतंकवादियों, दहशतगर्दों या अन्य असामाजिक तत्वों से निपटने, आतंकवादियों द्वारा किए गए हमलों के विरुद्ध या किसी कार्य में दिखाई गई विशेष बहादुरी के लिए, समाज सेवा, कला, प्रसिद्ध कला, साहित्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अन्य विशिष्ट क्षेत्रों में सराहनीय सेवाओं/उपलब्धियों के लिए दिए जाते है।
डिप्टी कमिश्नर ने सभी एस.डी.एम.को निर्देश दिए कि अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले योग्य व्यक्तियों को इस संबंध में जागरूक किया जाए और सिफारिशें निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार 15 जुलाई 2026 से पहले डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पंजाब सरकार को समय पर आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जा सकें।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस संबंध में अपना आवेदन देना चाहता है तो संबंधित उप मंडल मैजिस्ट्रेट (एस.डी.एम.) कार्यालय में 15 जुलाई 2026 से पहले दे सकता है।
उल्लेखनीय है कि जिन व्यक्तियों को राज्य सरकार द्वारा पहले ही पंजाब सरकार प्रमाण पत्र दिया जा चुका है, उनकी सिफारिश पर विचार नहीं किया जाएगा।
