सरकारी टीचर ने नहर पुल के पास कार खड़ी कर लगाई छलांग

गुरदासपुर जिले के काहनूवान क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षक द्वारा नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जबकि पुलिस भी जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह, निवासी सल्लोपुर, सरकारी प्राइमरी स्कूल भैणी मियां खां में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह स्कूल जाने के समय उन्होंने सभराओ ब्रांच नहर के भट्टियां पुल के पास अपनी कार खड़ी की और इसके बाद नहर में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि नहर में छलांग लगाने से पहले शिक्षक ने अपने एक साथी शिक्षक को फोन कर कहा था कि वह उनके गांव के पास स्थित नहर में कूदकर अपनी जान देने जा रहे हैं।इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही गांव के कुछ युवकों ने नहर में उनकी तलाश शुरू कर दी। फिलहाल शिक्षक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, नहर में छलांग लगाने के कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही शिक्षक की तलाश के लिए स्थानीय लोगों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है।