Front hulchul news : हाजीपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाई मुहिम के तहत एक युवक को 200 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। एस.एच.ओ. हरप्रेम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ए.एस.आई. भरत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और गश्त के संबंध में टी-पॉइंट से बेगपुर कमलूह की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अड्डा बेगपुर कमलूह में एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर उसने घबराहट में पीछे मुड़ने की कोशिश की और अपनी जेब से एक लिफाफा नीचे फेंक दिया।
पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए शक के आधार पर युवक को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान प्रिंस राणा पुत्र अश्वनी कुमार, निवासी बेगपुर कमलूह के रूप में हुई। जब पुलिस द्वारा उसके द्वारा फेंके गए लिफाफे की चेकिंग की गई, तो उसमें से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। हाजीपुर पुलिस ने आरोपी प्रिंस राणा के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एस.एच.ओ. हरप्रेम सिंह ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान पूछताछ करके नशा सप्लाई की चेन का पता लगाया जाएगा। एस.एच.ओ. ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि इलाके में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
