आदमपुर एयरपोर्ट की बढ़ाई गई सुरक्षा

Front hulchul news : जालंधर ग्रामीण पुलिस ने एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर आदमपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापक एंटी-सबोटाज चैकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों और सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर के संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की। संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया गया, ताकि यात्रियों और आम जनता की सुरक्षा को किसी भी प्रकार का खतरा न हो।

चैकिंग अभियान के दौरान एयरपोर्ट के प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग क्षेत्र, यात्री टर्मिनल, बैगेज एरिया तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से पूरे परिसर की गहन जांच की। इस दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई।

एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से एंटी-सबोटाज चैकिंग और सुरक्षा ऑडिट किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने दोहराया कि ‘सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है इसलिए सतर्क रहें, जागरूक रहें और सुरक्षित रहें।’