पंजाब में नकली पुलिस गैंग का आतंक!

Front hulchul news :पटवार खाने में काम से आए एक व्यक्ति को खुद को पुलिस कर्मचारी बताकर कार में अगवा करने, फिर घर ले जाकर चेकबुक हासिल कर बैंक से 2 लाख रुपये निकलवाने और जेब से 22 हजार रुपये लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को सड़क किनारे फेंककर और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस को दी शिकायत में गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बीती 28 जुलाई को वह अपने निजी काम के सिलसिले में पटवार खाना (सेक्टर-32-ए, चंडीगढ़ रोड, लुधियाना) गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी संदीप सिंह ने खुद को पुलिस मुलाजिम बताया और अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को जबरन अपनी महिंद्रा कार में बिठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित को सीधे उसके घर ले गए। घर पहुंचकर आरोपियों ने पीड़ित से उसके बैंक खाते की चेकबुक ली और उसे HDFC बैंक की गांव गिल स्थित शाखा में ले गए।

वहां आरोपियों ने पीड़ित को डरा-धमकाकर उसकी बैंक कॉपी से सेल्फ का 2 लाख रुपये का चेक भरवाया और पैसे निकलवा लिए। बैंक से 2 लाख रुपये ऐंठने के बाद आरोपियों ने पीड़ित की जेब में पड़े 22,000 रुपये की नकदी भी जबरन निकाल ली। इसके बाद शातिर अपराधी पीड़ित को मराडो कॉलोनी के पास कार से उतारकर और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी संदीप सिंह और उसके 3 अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण, लूटपाट, जालसाजी और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कार के नंबर के आधार पर आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।