Front hulchul news : जालंधर शहर के पुराना होशियारपुर रोड स्थित एक क्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से कॉलोनी काटे जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों द्वारा इस संबंध में नगर निगम जालंधर को शिकायत दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने मामले का संज्ञान लेते हुए निशांत गुप्ता नामक व्यक्ति को नोटिस जारी कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर यह कॉलोनीy विकसित की जा रही है, उसके आगे पहले से दुकानों की एक मार्केट बनाई गई है। उनका कहना है कि संभव है कि मार्केट के लिए आवश्यक स्वीकृतियां या शुल्क जमा कराए गए हों, लेकिन उसके पीछे विकसित की जा रही कॉलोनी पूरी तरह अनधिकृत तरीके से काटी जा रही है।

क्षेत्र के निवासियों का यह भी दावा है कि उक्त मार्केट के सामने लगा एक सरकारी सूचना बोर्ड कुछ समय पहले अचानक रातों-रात गायब हो गया। स्थानीय लोगों को संदेह है कि इस कॉलोनी के निर्माण कार्य से जुड़े लोगों द्वारा ही उस बोर्ड को हटाया गया, हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी सक्षम प्राधिकरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि कॉलोनी के लिए सीवरेज व्यवस्था मुख्य सड़क के नीचे से दूसरी ओर पाइपलाइन जोड़कर की गई है, जिसकी वैधता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस पूरे मामले की तकनीकी और प्रशासनिक जांच कराई जानी चाहिए।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निशांत गुप्ता द्वारा इससे पहले भी कई कथित अवैध कॉलोनियां विकसित की गई हैं और हर बार संबंधित अधिकारियों के साथ कथित सांठगांठ के कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल नगर निगम द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच के बाद प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है।
