Front hulchul news : शहर के पॉश इलाके पक्खोवाल रोड पर कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए कुछ युवकों द्वारा खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करने और फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
सामने आए एक वायरल वीडियो में कुछ मनचले युवक चलती कार की खिड़कियों से बाहर हाथ निकालकर दो पिस्तौलों से एक के बाद एक कई राउंड हवाई फायर करते साफ दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में 5 से 6 पिस्टल एक टेबल पर सजाकर रखी गई हैं, जहां युवक शराब पीते हुए उन हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन युवकों ने हथियारों की नुमाइश करते हुए अपनी रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। सूत्रों के अनुसार, ये खतरनाक वीडियो पिछले काफी समय से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के पास भी पहुंच चुके थे। इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई सख्त या ठोस कार्रवाई न किए जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये वीडियो हाल-फिलहाल के हैं या कुछ समय पुराने।
