जिल लुधियाना में पंजाबी सिंगर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीण के सुधार थाना क्षेत्र के गांव सुधार पत्ती धालीवाल में गायक बलजीत सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। बता दें, बलजीत सिंह गायक होने के साथ-साथ गाने भी लिखता था।
जानकारी के मुताबिक, गायक बलजीत सिंह का शव घर के अंदर बैड पर पड़ा मिला, जिससे बदबू आ रही थी। गत दिन बुधवार को बदबू तेज होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरन्त पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुधार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। घर के अंदर बैड पर सिंगर बलजीत सिंह का शव पड़ा मिला।
लोगों का कहना है कि, बलजीत सिंह पिछले कई दिनों से दिखाई नहीं दिया था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत करीब 4-5 दिन पहले हुई होगी, क्योंकि शव सड़ने लगा था। पुलिस को शव के पास सूखा हुआ खून भी मिला है। हालांकि, खून वहां किन परिस्थितियों में आया और बलजीत सिंह की मौत कैसे हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पिछले कुछ दिनों में बलजीत सिंह के घर के आसपास कौन-कौन लोग आए थे। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
