12 सितंबर को पंजाब के अध्यापक करेंगे Protest

Front hulchul news : विशेष कैडर अध्यापक फ्रंट पंजाब की ओर से 12 सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की संगरूर स्थित रिहायश तक रोष मार्च करके कोठी का घेराव करने का ऐलान किया गया है। फ्रंट के नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से 12700 कच्चे अध्यापकों को बड़े-बड़े फ्लेक्स बोर्ड लगाकर पक्का करने का जो दिखावा किया गया था, उसके बावजूद ये अध्यापक आज भी अपने आपको पूरी तरह पक्का नहीं समझते और उनके साथ किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं।

इस संबंधी विशेष कैडर अध्यापक फ्रंट के प्रदेश प्रधान एवं आई.ई.ए.टी. अध्यापक यूनियन पंजाब के प्रधान गुरलाल सिंह तूर ने बताया कि इन अध्यापकों को केवल एकमुश्त वेतन में बढ़ोतरी देकर कागजों में पक्का किया गया है। उन्होंने कहा कि आज तक इन अध्यापकों पर कोई भी वेतनमान लागू नहीं किया गया और न ही सरकारी पक्के कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य अधिकार व सुविधाएं दी जा रही हैं।

गुरलाल सिंह तूर ने कहा कि अध्यापकों पर कोई सी.एस.आर. नियम लागू नहीं किया गया, न ही मेडिकल भत्ता और अन्य सरकारी लाभ दिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार ने अध्यापकों को पक्का किया है तो उन्हें सरकारी पक्के कर्मचारियों की तरह वेतनमान, नियम और सभी सुविधाएं दी जाएं।

उन्होंने कहा कि कच्चे अध्यापकों को बार-बार नजरअंदाज करने के कारण अध्यापकों में सरकार के प्रति भारी रोष है। इस रोष को जाहिर करने के लिए 12 सितंबर को संगरूर में मुख्यमंत्री की रिहायश तक रोष मार्च किया जाएगा तथा कोठी का घेराव करने के साथ-साथ गुप्त एक्शन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार हमें दोबारा खुराना टंकी वाला एक्शन करने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने सरकार से कच्चे अध्यापकों को पूरी तरह पक्का करके अध्यापक वर्ग को बनता मान-सम्मान देने की मांग की।

इस मौके जिला प्रधान सुखविंदर सिंह, अवतार सिंह, मनजीत सिंह, गुरदीप कौर, बबीता रानी, रीटा रानी, परमजीत कौर, किरणपाल कौर और गुरप्रीत सिंह चीमा सहित अन्य अध्यापक व यूनियन के नेता उपस्थित थे।