Front hulchul news : शहर के सोढल इंडस्ट्री एरिया में एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर घर के गेट से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 10 बच्चे सवार थे, जिसमें एक बच्चे को मामूली चोट आई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का गेट टूट गया और दीवारों में दरारें आ गईं। हादसे में स्कूल बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर थाना नंबर-1 की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पिकअप को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
घर की मालकिन राजवंत कौर ने बताया कि हादसे के समय वह घर में मौजूद थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूल बस अचानक उनके घर के गेट से टकरा गई। टक्कर से गेट टूट गया और दीवारों में दरारें आ गईं। घर के अंदर खड़ी कार भी बस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। वहीं परिवार ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। उधर, स्कूल बस चालक ने बताया कि वह अंडरब्रिज से इंडस्ट्री एरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चौराहे पर अचानक एक तेज रफ्तार पिकअप सामने आ गई। उसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर घर के गेट से टकरा गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
दूसरी बस से बच्चों को स्कूल पहुंचाया
हादसे के बाद चालक ने स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद दूसरी बस मौके पर भेजी गई और बच्चों को उसमें बैठाकर स्कूल पहुंचाया गया। स्कूल प्रबंधन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार से बातचीत की। फिलहाल, थाना नंबर-1 की पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
