लुधियाना में निगम कर्मचारी पर हमला

Front hulchul news : नगर निगम की टीम पर काम के दौरान हमला होने का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जसीयां रोड स्थित स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विकास कार्यों के दौरान गंदे पानी की आ रही समस्या को ठीक करने पहुंचे एक सरकारी सुपरवाइजर के साथ इलाके के ही रहने वाले एक पति-पत्नी ने बिना किसी वजह के मारपीट की और उसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए साथी कर्मचारियों ने जैसे-तैसे सुपरवाइजर को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया।

फॉल्ट का पता लगाने में जुटा था कर्मचारी

पुलिस को दिए बयानों में तरुण सुपरवाइजर ने बताया कि वह नगर निगम के सब-जोन डी लुधियाना में बतौर सुपरवाइजर तैनात है। इन दिनों मोहल्ला स्मार्ट सिटी, जसीयां रोड पर सीवरेज और पानी की नई पाइपें डालने का काम चल रहा है। बीती 7 जून को मोहल्ले में आ रहे गंदे पानी की शिकायत मिलने के बाद वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ इलाके में फॉल्ट का पता लगाने के लिए चेकिंग कर रहा था। जब वे काम में व्यस्त थे, तभी मोहल्ले के ही रहने वाले राजेश कुमार और उसकी पत्नी अंजू वहां आए। दोनों ने बिना किसी बात के सुपरवाइजर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपनी करतूत छिपाने या डराने के उद्देश्य से पीड़ित की वीडियो भी बनानी शुरू कर दी। वहां मौजूद साथी कर्मचारियों ने तुरंत आगे बढ़कर आरोपियों से सुपरवाइजर को छुड़ाया। आरोप लगाया है कि दोनों आरोपियों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए उसकी सरकारी ड्यूटी में गंभीर विघ्न डाला है। थाना हैबोवाल की पुलिस ने शिकायत के आधार पर सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में पति-पत्नी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।