नगर थाना नंबर-1 पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोगों को रुपए दोगुने करने का लालच देकर जाल में फंसाता था और फिर नकली पुलिसकर्मी बनकर उनके रुपए लूट लेता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि एक महिला सहित चार अन्य नामजद व कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस की 3 वर्दियां बरामद की हैं। जिसमें एक एएसआई रैंक की और दो अन्य वर्दियों मे एक राजस्थान व एक पंजाब पुलिस कांस्टेबल की है। इसके अलावा पुलिस की तीन बैलेटें, एक हथकड़ी बरामद की है। इस केस की जांच चौकी इंचार्ज भूपेन्द्र सिंह कर रहे है। पकडे़ गए चारों व्यक्तियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। यह गिरोह पंजाब हरियाणा व राजस्थान में ठगियां मारता था।
थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बहाववाला निवासी भोमा राम उर्फ टुंडा, सराभा नगर निवासी करनैल सिंह और पंजपीर नगर निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ बिट्टू मिलकर भोले-भाले लोगों को नोट दोगुने करने का झांसा दे रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त व्यक्ति पहले लोगों से थोड़ी रकम लेकर उन्हें विश्वास में लेने के लिए नोट दोगुने कर दिखाते थे। इसके बाद बड़ी रकम लेकर उन्हें सराभा नगर स्थित एक महिला के घर बुलाया जाता था। वहां भोमा राम और करनैल सिंह भगवा वस्त्र पहनकर तांत्रिक क्रियाओं और नोट दोगुने करने का नाटक करते थे। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य पुलिस की वर्दी पहनकर और हाथों में हथकड़ियां लेकर मौके पर पहुंचते थे।
उक्त व्यक्ति खुद को पुलिस कर्मी बताकर फर्जी रेड का ड्रामा रचते और नोट दोगुने करवाने आए लोगों को अवैध काम में फंसाने की धमकी देकर उनके रुपए छीन लेते थे। डर के कारण पीड़ित मौके से भाग जाते थे और उक्त गिरोह के सदस्य आपस में रकम बांट लेते थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर भोमा राम, करनैल सिंह, हरप्रीत सिंह और राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने निम्मो पत्नी सतनाम सिंह वासी सराभा नगर अबोहर, बंटी निवासी मलोट मंडी, फौजी पुत्र नामालूम वासी ढाणी कडाका सिंह व अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
