Front hulchul news : अर्बन एस्टेट से डायरी की ओर जाने वाली सड़क पर बने कूड़े के डंप को लेकर इलाके में भारी रोष फैल गया है। जमशेर रोड से सटी लेन में पिछले करीब दो वर्षों से जमा कूड़ा अब लोगों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस डंप की वजह से 3 से 4 गांवों के निवासी बदबू, गंदगी और बीमारियों के खतरे के बीच जीने को मजबूर हैं।इस मुद्दे को लेकर कैंट क्षेत्र के पूर्व विधायक जगबीर सिंह बराड़ मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि बीते एक साल में ग्रामीणों द्वारा उन्हें कई बार शिकायतें दी गईं, जिसके बाद उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को भी बार-बार अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले 15 दिनों के भीतर इस कूड़ा डंप को नहीं हटाया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 3 किलोमीटर लंबा कूड़े का ढेर लोगों की सेहत से खुला खिलवाड़ है। साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में इलाके में एक भी शैक्षणिक संस्थान स्थापित नहीं किया गया।
