Front hulchul news : दीनानगर के गांधी गेट के पास गत देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रजत कुमार पुत्र राम मूर्ति, निवासी गांधी गेट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रजत कुमार अविवाहित था और अपने घर के पास एक दुकान पर काम करता था। रात करीब 10 बजे काम खत्म करके वह घर लौट रहा था। जब वह गांधी गेट के पास मोहन फर्नीचर की दुकान के नजदीक पहुंचा तो तेज रफ्तार महिंद्रा गाड़ी नंबर PB-35-AP-6882 ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रजत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हादसे में शामिल महिंद्रा गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार और इलाके में शोक की लहर है।
