Front hulchul news : त्योहारों व यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि त्योहारों के दौरान होने वाली अतिरिक्त भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सके। इसी क्रम में अमृतसर से जयनगर के बीच गाड़ी संख्या 04652 का संचालन 19 मार्च से 29 मार्च तक किया जाएगा, जबकि वापसी में जयनगर से अमृतसर के लिए गाड़ी संख्या 04651 का संचालन 19 मार्च से 31 मार्च तक होगा। इसी प्रकार अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच गाड़ी संख्या 04654 (19 से 25 मार्च) और वापसी में न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के लिए गाड़ी संख्या 04653 (21 से 27 मार्च) चलाई जाएगी। इन ट्रेनों में वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।
इसके अलावा, नवरात्रों में धार्मिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से बड़गाम के बीच गाड़ी संख्या 04687 तथा बड़गाम से बनिहाल के बीच गाड़ी संख्या 04688 का संचालन 19 मार्च से 4 अप्रैल तक किया जाएगा। ये ट्रेनें मुख्य रूप से साधारण श्रेणी की होंगी, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु कम खर्च में यात्रा कर सकेंगे। वहीं, नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच गाड़ी संख्या 04081 (19 से 30 मार्च) और वापसी में 04082 (19 से 31 मार्च) का संचालन किया जाएगा, जिनमें एसी और स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
