चंडीगढ़ की सुखना लेक बंद!

Front hulchul news : चंडीगढ़ की सुखना लेक में जाने वालों के लिए बेहद खास खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार सुखना लेक लोगों के लिए बंद कर दी गई है। अब सुखना में जाने के लिए बिना प्री-बुकिंग के एंट्री नहीं मिलेगी। दरअसल, चंडीगढ़ में होने वाले एयर-शो को देखते हुए प्रशासन ने सुखना लेक को आम लोगों के लिए अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है। यह निर्णय तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिसकी जानकारी उपायुक्त निशांत यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

प्रशासन के मुताबिक आज 26 मार्च को सुखना लोक को लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही 27 और 28 मार्च को लेक पर एयर-शो का आयोजन किया जाना है। इसी कारण बिना प्री-बुकिंग के किसी भी व्यक्ति को एंट्री नहीं मिलेगी। 28 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे के बाद लेक को फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि 27 मार्च को फुल ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की जाएगी और दोनों दिनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सैर करने वालों के लिए लेक बंद रखी गई है। लोगों की सुविधा के लिए मौके पर पानी, शौचालय, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही सिविल डिफेंस के वॉलंटियर भी तैनात रहेंगे, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

चंडीगढ़ में होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। उपायुक्त ने बताया कि पूरे शहर को 7 जोन में विभाजित किया गया है, ताकि भीड़ और ट्रैफिक को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन ने साफ किया है कि लोगों को अपनी निजी गाड़ियों से सुखना लेक जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके बजाय हर जोन से बसों की व्यवस्था की गई है, जिनके जरिए दर्शकों को लेक तक पहुंचाया जाएगा। एंट्री पास के लिए आवेदन करते समय लोगों को अपना पिक-अप पॉइंट चुनना होगा, जहां से उन्हें बसों के जरिए आयोजन स्थल तक ले जाया जाएगा। इस व्यवस्था का मकसद ट्रैफिक जाम से बचना और कार्यक्रम को सुचारु रूप से आयोजित करना है।