फिल्लौर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा: हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आया टिपर, मैकेनिक गंभीर रूप से घायल, जालंधर रेफर

Front hulchul news,संवाददाता: नरिंदर कुमार हैप्पी, फिल्लौर

फिल्लौर के नेशनल हाईवे पर आज एक बेहद दर्दनाक और खतरनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाईवे के ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों के कारण यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि एक टिपर, जो रास्ते में खराब हो गया था, उसके चालक (जो मोगा निवासी बताया जा रहा है) ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मैकेनिक को बुलाया। गांव लसाड़ा निवासी मैकेनिक अमरीक सिंह जब टिपर की मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक हाई-वोल्टेज करंट का शॉर्ट सर्किट हो गया।

जैसे ही टिपर को ऊपर उठाया गया, तेज करंट के कारण उसके अगले दोनों टायर जोरदार धमाके के साथ फट गए। इस भयानक शॉर्ट सर्किट से न केवल वाहन को नुकसान पहुंचा, बल्कि आसपास की दुकानों के बिजली मीटर भी जलकर राख हो गए।

इस हादसे में मैकेनिक अमरीक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल फिल्लौर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद जालंधर के अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।