वन विभाग के वर्करों में रोष: 25 अप्रैल को मंत्री के हलके में होगा बड़ा प्रदर्शन

कई महीनों से वेतन नहीं मिलने से परिवार परेशान, यूनियन ने दी संघर्ष की चेतावनी

Front hulchul news, फिलौर से पत्रकार नरेंद्र कुमार
पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन से संबंधित जंगलात वर्कर्स यूनियन पंजाब की एक अहम बैठक हाल ही में प्रदेश प्रधान अमरीक सिंह गढ़शंकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रदेश सचिव जसविंदर सिंह सौजा ने किया।
बैठक में जनरल सेक्रेटरी जसवीर सिंह सीरा, वित्त सचिव अमनदीप सिंह छत्त, विरसा सिंह चहल, रणजीत गुरदासपुर और सतनाम सिंह संगतीवाला सहित अन्य नेताओं ने बताया कि वन एवं वन्यजीव विभाग में पिछले 25 वर्षों से कार्यरत 519 डेलीवेज वरिष्ठ कर्मियों को अभी तक नियमित नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, पिछले कई महीनों से इन कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दिया गया है, जिससे उनके परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
नेताओं ने कहा कि माननीय हाईकोर्ट के 26 फरवरी 2024 के फैसले के बावजूद एरियर का भुगतान भी नहीं किया गया है। सरकार द्वारा खजाने पर लगाई गई पाबंदियों के कारण कर्मचारियों के खाते में वेतन और बकाया राशि नहीं डाली गई, जो कि बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने बताया कि वेतन न मिलने के कारण कर्मचारी अपने बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च, यहां तक कि गेहूं और पशुओं के चारे की व्यवस्था करने में भी असमर्थ हैं। बढ़ती महंगाई ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, जिनमें कर्मचारियों को नियमित करना, सीनियरिटी सूची को 31 मार्च 2026 तक अपडेट करना, विभाग में नए कर्मचारियों की भर्ती करना और ठेकेदारी व मनरेगा से काम करवाने पर रोक लगाना शामिल है, तो 25 अप्रैल 2026 को विधानसभा क्षेत्र भोआ (पठानकोट) में बड़ा रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर बलवीर तरनतारन, रवि लुधियाना, बब्बू मानसा, बलराज पठानकोट, रविकांत रोपड़, सुखदेव जालंधर सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।