Front hulchul news : मेक्सिको की राजधानी के उत्तर में स्थित ऐतिहासिक टियोटिहुआकन पिरामिडों में से एक के ऊपर खड़े एक हथियारबंद व्यक्ति ने पर्यटकों पर गोलियां चलाईं जिसमें एक कनाडाई नागरिक की मौत हो गई जबकि कम से कम 13 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुरक्षा अधिकारियों को घटनास्थल से एक बंदूक, एक चाकू और गोला-बारूद मिला है। स्थानीय सरकार ने बताया कि सोमवार को गोलीबारी में सात लोग घायल हो गए हालांकि यह जानकारी नहीं दी गई कि अन्य लोग कैसे घायल हुए। इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराए गए लोगों में छह अमेरिकी, तीन कोलंबियाई, एक रूसी, दो ब्राज़ीलियाई और एक कनाडाई नागरिक शामिल है। स्थानीय मीडिया में जारी वीडियो और तस्वीरों में एक व्यक्ति पिरामिड के ऊपर बंदूक लिए खड़ा दिखाई दे रहा है जबकि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। वीडियो में कई गोलियों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। यह गोलीबारी पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे के कुछ ही समय बाद हुई, जब बड़ी संख्या में पर्यटक ‘पिरामिड ऑफ द मून’ के शिखर पर मौजूद थे। घटनास्थल पर मौजूद एक टूर गाइड के अनुसार हमलावर ने पहले ऊपर की ओर गोली चलाई। गाइड ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “कुछ लोग डर के कारण ज़मीन पर औंधे मुंह लेट गए और बाकी लोग नीचे की ओर भागने लगे। पर्यटकों का एक और समूह हमलावर की नज़र से बचने के लिए पिरामिड के चबूतरे पर बेसुध पड़ा रहा।” अधिकारियों ने अभी तक हमलावर की पहचान नहीं की है।
