गोराया: वार्ड नंबर 12 में गंदे पानी की सप्लाई से लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर

Front hulchul news : गोराया के वार्ड नंबर 12 से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां के निवासी लंबे समय से पीने के लिए गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों का कहना है कि वे नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा।
मोहल्ला निवासियों का आरोप है कि उनके वार्ड में पानी की पाइपें गंदी नाली के बीच से गुजर रही हैं, जिसके कारण पेयजल लगातार दूषित हो रहा है। लोगों का कहना है कि वे इस संबंध में कई बार नगर परिषद अध्यक्ष और पार्षद हरमेश कुमार चौहान को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थिति यह है कि घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंच रहा है, जिसे इस्तेमाल करने के लिए लोग मजबूर हैं।
वहीं, जब इस मामले में नगर परिषद अध्यक्ष और पार्षद हरमेश कुमार चौहान से बात की गई, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि यह समस्या किसी एक घर की पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण उत्पन्न हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले एक-दो दिनों के भीतर इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन के दावों के अनुसार लोगों को जल्द राहत मिलती है या फिर वार्ड नंबर 12 के निवासियों को गंदे पानी की इस गंभीर समस्या का सामना और लंबे समय तक करना पड़ेगा।