Front hulchul news ; जालंधर में शेखों ग्रैंड होटल के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की ट्रॉली से जा टकराई, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली काफी समय से सड़क पर खड़ी थी और उसमें कुछ युवक भी मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ट्रॉली से इतनी जोरदार टकराई कि उसका अगला हिस्सा ट्रॉली के नीचे जा फंसा।
हादसे के तुरंत बाद ट्रॉली के पास मौजूद युवक वाहन वहीं छोड़कर मौके से चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को बाहर निकाला और प्राथमिक मदद उपलब्ध करवाई। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे के बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण घायल को निजी प्रयासों से अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में बाइक की तेज रफ्तार और सड़क पर खड़ी ट्रॉली, दोनों को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
