बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोलियों से भूना

Front hulchul news : जंडियाला गुरु के अधीन आने वाले गांव जबोवाल में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। वह विवाहित था और उसका 5 महीने का एक मासूम बच्चा भी है। जानकारी के अनुसार, मनजिंदर सिंह शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार 3 अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

मृतक के परिजन और मित्र साहिब सिंह मान ने बताया कि मनजिंदर सिंह की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। हमलावरों ने अचानक हमला किया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि मनजिंदर सिंह को पांच गोलियां लगीं, जिनमें चार पीठ में और एक गोली सीने में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मनजिंदर सिंह को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

साहिब सिंह मान ने बताया कि इस घटना से पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि पांच महीने के बच्चे के सिर से पिता का साया उठ जाना बेहद दुखद है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।