रिवाल्वर की नोक पर कारोबारी से लूट

Front hulchul news : महानगर में रिवाल्वर की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। फिरोजपुर रोड़ एलिवेटेड पुल पर नकाबपोश 2 लुटेरों ने एक कारोबारी से रिवाल्वर की नोक पर लॉकेट सहित सोने की चैन और हजारों रुपए छीन लिए। लुटेरे 4-5 मिनट तक कारोबारी को धमकाते रहे। पीड़ित ने थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस को शिकायत दी।

पीड़ित रोशन लाल ने बताया कि बीते वीरवार की सांय एक्टिवा पर सवार होकर एक डाक्टर से दवाई लेने के लिए माडल टाऊन गया था। दवाई लेकर लौटते वक्त जब वह फिरोजपुर रोड़ एलिवेटेड पुल, नानकसर गुरुदारे के पास पहुंचा तो 2 नकाबपोश लुटेरों ने उसकी एक्टिवा के आगे मोटरसाइकिल लगा कर रास्ता रोक दिया। लुटेरे उसे धमकाने लगे। उसने विरोध जताया तो एक लुटेरे ने उसकी कमर के पीछे रिवाल्वर लगा दी। जिसके बाद वह सहम गया। लुटेरों ने उसके गले में पहनी सोने की चैन और लॉकेट के अलावा जेब में पड़ी 7 हजार रुपए की नगदी छीन ली और धमकाते हुए फरार हो गए।पीड़ित रोशन ने बताया कि उसका एक घर जनकपुरी सलेम टाबरी इलाके में है, जबकि दूसरा घर साऊथ सिटी में है। वह रेडीमेड कपड़े का कारोबार करता है। जब उसके साथ वारदात हुई तब वह साऊथ सिटी स्थित घर की तरफ जा रहा था। जांच अधिकारी सुखविन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित रोशन लाल के बयान पर 2 अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम फिरोजपुर रोड़ एलिवेटेड पुल पर एंट्री और एगजिट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही लुटेरों को काबू कर लिया जाएगा।